एशियन और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी दिखाया दम : इससे पूर्व चेन्नई में आयोजित एशियन मास्टर्स गेम्स में बलबीर सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए 5,000 मीटर में रजत, जबकि 10,000 मीटर और 1,500 मीटर में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। राष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी सफलता का सिलसिला जारी रहा है। धर्मशाला में आयोजित नेशनल मास्टर्स गेम्स ऑफ इंडिया में उन्होंने 10 किलोमीटर दौड़ और 5,000 मीटर में स्वर्ण, जबकि 1,500 मीटर में कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा बेंगलुरु में आयोजित मास्टर एथलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया चैंपियनशिप में 5,000 मीटर में स्वर्ण और 1,500 मीटर में रजत पदक जीता। पटना में हुई ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज एथलेटिक्स मीट में भी उन्होंने 1,500 मीटर दौड़ में रजत पदक प्राप्त कर अपनी निरंतर उत्कृष्टता सिद्ध की।
20 से अधिक उभरते खिलाड़ियों को दे रहे प्रशिक्षण : वर्तमान में बलबीर सिंह युवा सेवाएँ एवं खेल विभाग, हिमाचल प्रदेश में एथलेटिक कोच के रूप में कार्यरत हैं और 20 से अधिक उभरते खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। वे अपने अनुभव, अनुशासन और अथक परिश्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों में उत्कृष्टता के साथ-साथ स्वस्थ एवं नशा-मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं।