शिमला, 24 फरवरी 26 (RHNN) : शिमल पुलिस ने छोटा शिमला मंदिर में हुई दान पेटी चोरी के मामले को सुलझा लिया है,इस संबंध में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी हुई दान पेटी,नकद राशि भी बरामद कर ली है। शिमला के SSP गौरव सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
थाना पूर्व (PS East) में अभियोग संख्या 16/2026 दिनांक 23.02.2026 को धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (पूर्व धारा 379 आईपीसी) के अंतर्गत मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार 23 फरवरी की प्रातः लगभग 5:30 बजे वह मंदिर पहुंचे और दान पेटी को मंदिर के अंदर से निकालकर मुख्य द्वार के बाहर रखकर पूजा-अर्चना करने लगे। करीब 6:30 बजे जब वह बाहर आए तो दान पेटी मौके से गायब पाई गई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही थाना पूर्व शिमला की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और संदिग्धों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों व स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने जय प्रकाश (31 वर्ष) निवासी गांव फागू, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान चोरी हुई दान पेटी गांव कुम्हाली (कुसुम्पटी वन क्षेत्र) के समीप से बरामद की गई। आरोपी के कब्जे से नकद राशि भी बरामद की गई है।