शिमला, 01 अप्रैल 26 (RHNN) : केरल के कालीकट विश्वविद्यालय में आयोजित ऑल इंडिया अंतर विश्वविद्यालय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) की महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। मुकाबले में एचपीयू की टीम ने मद्रास विश्वविद्यालय की टीम को 58 रन से हराकर यह उपलब्धि अपने नाम की। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच एचपीयू की महिला टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया और तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में मद्रास विश्वविद्यालय को पराजित कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य महावीर सिंह ने पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विश्वविद्यालय के खिलाड़ी इसी तरह अपनी प्रतिभा का परचम लहराते रहेंगे और प्रदेश के साथ-साथ विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा करेंगे।