जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल मीडिया वॉरियर्स की टीम ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 6 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बल्लेबाजों ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट्स लगाकर मैच को एकतरफा बना दिया। इस लीग का सफल आयोजन यूनाइटेड प्रेस क्लब के अध्यक्ष अर्शदीप समर और वरिष्ठ पत्रकार मोहित प्रेम शर्मा के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजक अर्शदीप समर ने बताया कि यह जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग का पहला संस्करण है और इसे हर साल नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, ताकि पत्रकारों को एक साझा मंच मिल सके जहां वे खेल के जरिए आपसी जुड़ाव को मजबूत कर सकें।
इस अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “पत्रकार दिन-रात समाज की सेवा में जुटे रहते हैं। ऐसे में इस तरह के आयोजन उन्हें नई ऊर्जा देते हैं। हिमाचल मीडिया वॉरियर्स ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह काबिले-तारीफ है। मैं सभी टीमों को शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि यह लीग आने वाले समय में और भी बड़े स्तर पर आयोजित होगी।”