शिमला, 24 अप्रैल 26 (RHNN): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज (यूआईएलएस) “न्यायपथ” में रोटारैक्टर्स द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर आईजीएमसी शिमला के चिकित्सकों की टीम के सहयोग से डॉ. ऐश्वर्या के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शिविर में 63 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रक्तदान के प्रति उत्साह दिखाया। रोटरी क्लब शिमला हिल क्वींस की अध्यक्ष पूजा गोयल ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ी सेवा है, जो बिना किसी खर्च के किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकती है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि युवा न केवल भविष्य के नेता हैं, बल्कि आज जीवन बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने संस्थान के निदेशक शिव कुमार डोगरा, रोटारैक्ट समन्वयक गीतांजलि थापर और क्लब समन्वयक किरण सूद सहित आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का आभार जताया।