शिमला, 02 मई 26 (RHNN) : समाजसेवा के तहत मैत्री संस्था ने “मैत्री स्नेह” प्रोजेक्ट के अंतर्गत आईजीएमसी अस्पताल में उपचाराधीन दो जरूरतमंद बच्चों की आर्थिक मदद की। संस्था ने कैंसर से जूझ रही करीब ढाई वर्ष की बच्ची को 5100 रुपये की सहायता राशि प्रदान कर उसके इलाज में सहयोग दिया। वहीं, सड़क हादसे में घायल संजौली निवासी कक्षा 9वीं के छात्र तनिष्क को भी 5100 रुपये की मदद दी गई। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने बच्चों और उनके परिजनों का हौसला बढ़ाते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्षा निशि सूद, उपाध्यक्षा शशि सूद, कोषाध्यक्ष सुधा सूद सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। संस्था की अध्यक्षा ममता गोयल ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना ही उनका उद्देश्य है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रहेंगे।