शिमला, 07 मई 26 (RHNN) : राजधानी शिमला के भराड़ी मैदान में हिमाचल लेजेंड क्रिकेट लीग का दूसरा संस्करण शुरू होने जा रहा है। इस खास टूर्नामेंट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें 50 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें से कई सेवारत अधिकारी, रिटायर्ड अधिकारी और अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। टूर्नामेंट का उद्देश्य केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा। खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से यह दिखाने की कोशिश करेंगे कि 50 साल की उम्र पार करने के बाद भी फिट और सक्रिय रहा जा सकता है, बशर्ते जीवन में खेल को अपनाया जाए। इस प्रतियोगिता में कुल 6 टीमें भाग ले रही हैं और हर टीम में 13 खिलाड़ी शामिल होंगे। लीग सिस्टम के आधार पर खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ सामाजिक संदेश भी केंद्र में रहेगा।