शिमला, 15 मई 26 (RHNN) : शिमला राजधानी के भराड़ी खेलकूद मैदान में आयोजित लीजेंड क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में लीजेंड हरिकेन्स ने लीजेंड ईगल को हराकर शानदार जीत दर्ज की, जबकि दूसरे मुकाबले में लीजेंड लेगेसी मेकर्स ने लीजेंड लाइन्स को एकतरफा मुकाबले में मात दी। पहले मुकाबले में लीजेंड ईगल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 175 रन बनाए। टीम की ओर से पूरण ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लीजेंड हरिकेन्स की टीम के ऑलराउंडर चंद्रमोहन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 86 रन जड़े। इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। उनके दमदार प्रदर्शन के बूते हरिकेन्स ने मुकाबला आसानी से जीत लिया। दूसरे मुकाबले में लीजेंड लेगेसी मेकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 244 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से प्रदीप सांवत ने 86 और बृजेश शर्मा ने 57 रन की शानदार पारियां खेलीं। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी लीजेंड लाइन्स की टीम 136 रन पर सिमट गई। लीजेंड लेगेसी की ओर से बृजेश शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता में 50 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। कुल छह टीमें टूर्नामेंट में भाग ले रही हैं। आयोजक नरवीर ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना है।