रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि मतगणना कार्य के लिए तैनात महिला कर्मचारियों के लिए आज विशेष रिहर्सल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को मतगणना प्रक्रिया, परिणाम तैयार करने तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, ताकि मतगणना कार्य निष्पक्ष, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि यह पहल महिला कर्मचारियों की दक्षता, अनुशासन एवं प्रशासनिक क्षमता को दर्शाती है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं तथा चुनाव जैसे जिम्मेदार लोकतांत्रिक कार्यों का सफल संचालन कर समाज को एक सकारात्मक संदेश प्रदान कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि इस बार नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव में मतदान प्रक्रिया भी पूर्णतः महिलाओं द्वारा संचालित की जाएगी। नगर परिषद् रोहड़ू के 9 वार्डों में स्थापित सभी मतदान केंद्रों पर महिला कर्मचारी अपनी सेवाएं देंगी। इसके लिए लगभग 80 महिला कर्मचारियों की तैनाती की गई है। रिटर्निंग अधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि महिला कर्मचारियों के सहयोग, समर्पण एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली से नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न होंगे।