शिमला, 16 मई 26 (RHNN) : शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े दो मुख्य तस्करों को अमृतसर और चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस थाना ढली में 13 मई 2026 को दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में निखिल ठाकुर और सुलभ थापा के कब्जे से करीब 11 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेनदेन के विश्लेषण से चंडीगढ़ निवासी आकाश की पहचान सप्लायर के रूप में हुई, जिसे 15 मई को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं थाना रामपुर में दर्ज एक अन्य मामले में 9 ग्राम चिट्टा और इस्तेमाल की हुई सिरिंज बरामद होने के बाद पुलिस ने सप्लाई चेन की जांच करते हुए अमृतसर निवासी अमनदीप सिंह को गिरफ्तार किया। जिला पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में बैकवर्ड लिंकिज के आधार पर अब तक 37 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो पिछले वर्ष की तुलना में सात गुना अधिक है। इसी साल 29 अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क भी ध्वस्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और केरल तक फैले नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।