शिमला,28 मई 26 (RHNN) : हिमाचल प्रदेश के वॉलीबॉल जगत के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश से संबंध रखने वाले वरिष्ठ वॉलीबॉल व्यक्तित्व जागीर सिंह रंधावा को वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (VFI) की संचालन समिति ने भारतीय अंडर-17 बालक वॉलीबॉल टीम के चयन ट्रायल के लिए मुख्य चयनकर्ता तथा भारतीय अंडर-18 बालिका वॉलीबॉल टीम के चयन ट्रायल के लिए चयन समिति सदस्य नियुक्त किया है। जारी अधिसूचना के अनुसार FIVB अंडर-17 बालक विश्व वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2026 के चयन ट्रायल 28 और 29 मई को वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अहमदाबाद, गुजरात में आयोजित किए जा रहे हैं। चयनित भारतीय टीम 19 से 29 अगस्त तक कतर में आयोजित होने वाली विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी। वहीं AVC अंडर-18 बालिका वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2026 के चयन ट्रायल 26 और 27 मई को अहमदाबाद में आयोजित किए गए। यह प्रतियोगिता 1 से 7 जुलाई तक थाईलैंड में होगी। संचालन समिति ने “Selection and Camp Advisory Committee” की सिफारिश पर चयनकर्ताओं, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ की नियुक्तियां की हैं। जागीर सिंह रंधावा को अंडर-17 बालक टीम के लिए मुख्य चयनकर्ता और अंडर-18 बालिका टीम के लिए चयनकर्ता की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला सिरमौर वॉलीबॉल संघ ने इसे हिमाचल के लिए सम्मान की बात बताते हुए कहा कि रंधावा का अनुभव और योगदान युवा खिलाड़ियों को नई दिशा देगा। संघ ने उन्हें इस राष्ट्रीय दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।