शिमला,03 जून 26 (RHNN) : हमीरपुर में 31 मई से 2 जून तक आयोजित स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में शिमला स्थित इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 6 पदक जीतकर प्रदेश भर में अपनी मजबूत पहचान दर्ज करवाई। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से 150 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में शिमला के खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में बेहतरीन तालमेल और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हुए पदकों पर कब्जा जमाया। अंडर-15 बालिका वर्ग में नायशा सिंह चौहान ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, साथ ही अंडर-13 बालिका वर्ग में कांस्य पदक भी अपने नाम किया। अंडर-17 बालक वर्ग में युग ठाकुर ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं अयान तोमर ने दोहरी सफलता हासिल करते हुए अंडर-15 में रजत और अंडर-17 में कांस्य पदक जीता। अंडर-13 बालिका वर्ग में गीतांजलि घर्ती ने भी कांस्य पदक जीतकर टीम के कुल प्रदर्शन को मजबूती दी। टीम के कोच अभय लखनपाल पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के साथ मौजूद रहे और लगातार मार्गदर्शन देते रहे, जिसका असर खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और प्रदर्शन में साफ तौर पर देखने को मिला। इस सफलता के साथ इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर के खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि शिमला प्रदेश में टेबल टेनिस की नई नर्सरी के रूप में तेजी से उभर रहा है।