श्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश में ‘खेलो इंडिया’ प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए प्रयासरत है और इस संबंध में संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ा दी है तथा शीघ्र ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नई नीति भी लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिमला के निकट घटासनी में 10 करोड़ रुपये की लागत से एक स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है।
अपने स्कूली दिनों को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने भी छात्र जीवन में खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया है और वह खिलाड़ियों की समस्याओं और चुनौतियों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए डाइट मनी बढ़ाई गई है। राज्य के भीतर प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्रतिदिन 400 रुपये तथा राज्य से बाहर प्रतियोगिताओं में भाग लेने वालों को प्रतिदिन 500 रुपये डाइट मनी दी जा रही है। इसके अलावा 200 किलोमीटर से अधिक की यात्रा के लिए हवाई यात्रा की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। विधायक हरीश जनारथा ने कहा कि संजौली मैदान क्षेत्र के सबसे पुराने मैदानों में से एक है और एक बेहतर खेल मैदान विकसित करने की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें नशे से दूर रखना मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि शिमला में अन्य खेल मैदानों का भी विकास किया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर नगर निगम शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।