शिमला,12 जून 26 (RHNN) : रोटरी क्लब शिमला हिल क्वींस (RCS Hill Queens) द्वारा शुक्रवार को आईजीएमसी स्थित कैंसर अस्पताल में अपनी पाक्षिक सेवा गतिविधि ‘प्रश्रय’ के तहत मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए विशेष भोजन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान करीब 50 मरीजों एवं उनके परिजनों को घर पर तैयार पौष्टिक भोजन परोसा गया। कार्यक्रम के तहत रोटेरियन डॉ. अनीता शर्मा और रोटेरियन माला मेयर द्वारा खीर तैयार की गई, जबकि रोटेरियन पूजा गोयल ने खिचड़ी बनाई। क्लब सदस्यों ने स्वयं अस्पताल पहुंचकर मरीजों और उनके तीमारदारों को भोजन वितरित किया। इस अवसर पर क्लब की इंटर्न सान्वी बजाज और चार्वी सूद भी शामिल हुईं। उन्होंने सेवा कार्य में सहयोग करते हुए मरीजों के साथ समय बिताया और मानवीय संवेदनाओं को साझा किया। क्लब सदस्यों ने भोजन वितरण के साथ-साथ मरीजों और उनके परिजनों को उपचार के दौरान पौष्टिक आहार के महत्व तथा बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित भोजन अपनाने के प्रति भी जागरूक किया। रोटेरियन पूजा गोयल ने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मरीजों के चेहरों पर मुस्कान और उनके प्रति अपनापन ही इस तरह की सेवा गतिविधियों की सबसे बड़ी उपलब्धि है।