शिमला, 21 जून (rhnn) : Rotary Club of Shimla Hill Queens द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कसुम्पटी में एक व्यापक योग कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समुदाय में योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। कार्यशाला का संचालन क्लब की सदस्य रोटेरियन मीना चंदेल द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाते हुए उनके लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि एकाग्रता, अनुशासन और मानसिक संतुलन भी विकसित होता है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, नौकासन, वज्रासन, बद्धकोणासन सहित अनेक योगासनों का उत्साहपूर्वक अभ्यास किया। योग सत्र के दौरान बच्चों में विशेष ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में सरल योगाभ्यास और प्राणायाम को शामिल करने का संदेश दिया गया। स्कूल प्रशासन एवं विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए रोटरी क्लब का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित रोटेरियन शिवानी कंवर, हरप्रीत कौर और पूजा गोयल ने भी सहयोग दिया। अंत में क्लब ने कहा कि वह भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य एवं जागरूकता आधारित कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।