शिमला, 02 जुलाई(rhnn) : हिमाचल प्रदेश के बागवानी क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। प्रदेश से पहली बार ताजी चेरी और प्लम की निर्यात खेप सफलतापूर्वक ओमान पहुंची है। हाल ही में बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने 400-400 किलोग्राम चेरी और प्लम की पहली खेप रवाना की थी। मस्कट पहुंचने पर भारतीय दूतावास ने इन फलों के प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की, जहां विभिन्न खुदरा स्टोरों में प्रदर्शित किए गए फलों को उपभोक्ताओं से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस उपलब्धि पर बागवानी विभाग और प्रदेश के बागवानों को बधाई देते हुए कहा कि इससे हिमाचल के फलों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों के नए द्वार खुले हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बागवानी को अधिक लाभकारी और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसानों को गुणवत्ता सुधार, वैज्ञानिक खेती, बेहतर अवसंरचना और विपणन सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्ता, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करते हुए किए गए इस निर्यात से बागवानों को बेहतर मूल्य मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ओमान को पहली सफल खेप भेजे जाने के बाद हिमाचल के फलों की पहुंच अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक भी तेजी से बढ़ेगी।