शिमला, 10 जुलाई(rhnn) : राजकीय कन्या महाविद्यालय, शिमला की पूर्व छात्रा एवं लोकगायिका शालू धीमान के हिमाचली लोक फ्यूजन गीत 'ठंडा पानी मेरे क्यारों रा' का शुक्रवार को महाविद्यालय परिसर में विमोचन किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्या डॉ. अनुरिता सक्सेना, प्राध्यापक, छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।शालू धीमान ने वर्ष 2021 में महाविद्यालय से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की थी। अध्ययन के दौरान उन्होंने संगीत विभाग में गोपाल भारद्वाज और सुनीता भारद्वाज से प्रशिक्षण लिया। वर्तमान में वह हिमाचली लोक संस्कृति और संगीत को नई पहचान दिलाने के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से एमए (संगीत) किया है तथा चन्ना म्यूजिक अकादमी से विधिवत संगीत प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है। आकाशवाणी और दूरदर्शन से अनुमोदित कलाकार शालू धीमान रफी नाइट, आवाज हिमाचल, वॉइस ऑफ माउंटेन, वॉइस ऑफ शिमला और वॉइस ऑफ हिमाचल जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में सम्मान हासिल कर चुकी हैं। उनका नया गीत हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित है, जिसमें मंडी लुड़ी, कांगड़ी लोकगीत सहित पारंपरिक लोक विधाओं को आधुनिक संगीत शैली के साथ प्रस्तुत किया गया है। प्राचार्या डॉ. अनुरिता सक्सेना ने शालू धीमान को बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय की छात्राएं शिक्षा के साथ कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रा का यह प्रयास महाविद्यालय की वर्तमान छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में उपस्थित प्राध्यापकों और छात्राओं ने भी शालू धीमान और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।