हमीरपुर/ शिमला, 16 जुलाई(rhnn) : जवाहर लाल नेहरू राजकीय ललित कला महाविद्यालय, शिमला में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित इंडक्शन कार्यक्रम में उन्हें राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत शिक्षा प्रणाली, क्रेडिट आधारित पाठ्यक्रम और महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक व सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय के वातावरण से परिचित कराना और उनके भीतर आत्मविश्वास विकसित करना रहा। प्राचार्या डॉ. कमायनी बिष्ट ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि प्रतिभा, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास का मंच भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन बनाए रखते हुए हर शैक्षणिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधि में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. नीरज ने क्रेडिट सिस्टम, डॉ. पूजा ने सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, डॉ. अंजना ने शिकायत निवारण तंत्र, डॉ. सुनील ने अनुशासन एवं मेंटरशिप, डॉ. प्रेमलाल ने यूथ फेस्टिवल और छात्रवृत्ति योजनाओं, श्रीमती उर्मिला शर्मा ने पुस्तकालय सेवाओं तथा श्री अमन ने एड-ऑन कोर्सेज़ की जानकारी साझा की। अंत में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और उन्हें महाविद्यालय की सभी छात्र हितैषी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।