शिमला, 19 जुलाई (rhnn) : हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में आयोजित ‘स्वाद संगम’ कार्यक्रम ने अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत हिमाचल और केरल के बीच आयोजित किए गए Cuisine Exchange कार्यक्रम की शिक्षा मंत्रालय ने सराहना की है। मंत्रालय ने कार्यक्रम के तहत स्कूलों में हुई गतिविधियों और विद्यार्थियों की भागीदारी की तस्वीरें अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की हैं। जून माह में प्रदेश के सभी 12 जिलों के 918 सरकारी स्कूलों में आयोजित इस कार्यक्रम में 18,656 विद्यार्थियों और 2,464 शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को हिमाचल और केरल की खान-पान परंपराओं के साथ-साथ दोनों राज्यों की सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने हिमाचल के पारंपरिक धाम, सिड्डू और बबरू जैसे व्यंजनों के साथ केरल के सद्या, अप्पम और पायसम तैयार किए। स्कूलों में भोजन प्रदर्शनियां, व्यंजन प्रदर्शन, स्वाद परिचय सत्र और विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इससे विद्यार्थियों को दूसरे राज्य की संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिला। समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि शिक्षा मंत्रालय की ओर से हिमाचल के इस प्रयास को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जाना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, आपसी सम्मान और विविधता में एकता की भावना को मजबूत करते हैं। वहीं, राज्य समन्वयक वर्षा सूद ने कहा कि शिक्षा मंत्रालय की सराहना से हिमाचल के इस अभिनव प्रयास को देशभर में नई पहचान मिली है।