देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय आइस हॉकी चैंपियनशिप में वैष्णवी कुठियाला, आदित्य वर्मा, स्ताव्या पंडित, अग्नेय सिंह ग्रोवर, प्रणव डोगरा, अभिमन्यु शर्मा और गमनदीप सिंह ने हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया। वहीं, राष्ट्रीय स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिता में तेजस्वी कुठियाला और समर्थ अत्री के शानदार प्रदर्शन के बाद दोनों का चयन एशियन स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। प्रतियोगिता से पहले दोनों खिलाड़ी एक माह के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण लेंगे।
क्लब की उभरती फिगर स्केटर पावनी कुठियाला सिंक्रोनाइज्ड स्केटिंग के उन्नत प्रशिक्षण के लिए बैंकॉक में हैं। वहीं, प्रणव डोगरा का चयन बुडापेस्ट में रेफरी डेवलपमेंट कैंप और गमनदीप सिंह का दक्षिण कोरिया में गोलकीपर कोचिंग कैंप के लिए हुआ है। क्लब अध्यक्ष मनप्रीत सिंह सैंबी, सचिव रजत मल्होत्रा और प्रेस सचिव सुदीप महाजन ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से प्रदेश में आइस स्पोर्ट्स को नई पहचान मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।