शिमला, 29 जुलाई (rhnn) : राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला में बुधवार को छात्राओं को नशामुक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से "MANSA-एक संकल्प" व्याख्यान तथा यूथ रेड क्रॉस एवं रोट्रैक्ट क्लब का इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय, यूथ रेड क्रॉस, रोट्रैक्ट क्लब और स्टेट रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। मुख्य वक्ता एवं राज्य नशा निवारण बोर्ड की सदस्य बिंदु जोशी ने कहा कि नशे की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए युवाओं के तनाव, अकेलेपन और मानसिक दबाव को समझना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से सकारात्मक जीवनशैली अपनाने, आत्मसम्मान बनाए रखने और जिम्मेदारीपूर्ण निर्णय लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को भावनात्मक रूप से मजबूत बनाने में अभिभावकों और शिक्षकों की अहम भूमिका होती है। इस अवसर पर यूथ रेड क्रॉस एवं रोट्रैक्ट क्लब का इंडक्शन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। संयोजक डॉ. लक्ष्मी सिंधु ने कहा कि क्लब का उद्देश्य छात्राओं में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना है। महाविद्यालय की उप प्राचार्या डॉ. कार्तिकेय मृत्युंजय चौहान ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं के सर्वांगीण विकास और सामाजिक चेतना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में स्टेट यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी के संयोजक वीरेंद्र सिंह बिष्ट, पल्लवी शर्मा, महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।