शिमला, 29 जुलाई (rhnn) : गुरु पूर्णिमा के अवसर पर राजधानी शिमला के लक्कड़ बाजार स्थित राधा-स्वामी सत्संग भवन में बुधवार को विशाल आध्यात्मिक समागम आयोजित किया गया। हिमाचल प्रदेश के अलावा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने सद्गुरु महाराज कृष्ण प्रकाश मसंद तृतीय आचार्य के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे दिन सत्संग भवन गुरु भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा। इस अवसर पर सद्गुरु महाराज कृष्ण प्रकाश मसंद तृतीय आचार्य ने अपने प्रवचनों में कहा कि मनुष्य जीवन अत्यंत दुर्लभ है और इसे सत्संग, सेवा तथा सिमरन के माध्यम से ही सार्थक बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि निंदा, अहंकार और द्वेष मनुष्य की आध्यात्मिक उन्नति में सबसे बड़ी बाधाएं हैं। यदि व्यक्ति प्रेम, विनम्रता और सद्भाव को अपने जीवन का आधार बनाए तो वह आत्मिक शांति और जीवन के वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से नियमित रूप से सत्संग से जुड़े रहने और गुरु के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उनके अनुसार गुरु की शरण ही आत्मिक उत्थान और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने विशेष भक्ति और सेवा भाव के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। सत्संग के बाद विशाल लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।