शिमला, 30 जुलाई (rhnn) : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धरोगड़ा में आज अध्यापकों और विद्यार्थियों द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूल के लगभग 70 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) के चेयरमैन महेश भंडारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने स्वयं पौधारोपण कर बच्चों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ‘एक पौधा माँ के नाम’ अभियान के तहत यह पहल की गई है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भावनात्मक जुड़ाव को भी बढ़ावा देना है। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पेड़ों के महत्व और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया। छात्रों ने भी पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। पौधारोपण कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।