शिमला, 13 अगस्त (rhnn) : इनर व्हील क्लब मिड टाउन शिमला द्वारा तीज का त्योहार बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। क्लब की अध्यक्ष श्रीमती पूनम की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में क्लब की सभी सदस्यों ने हरे रंग के परिधान धारण कर तीज के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ इनर व्हील की प्रार्थना एवं माता पार्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। पूजा के पश्चात वातावरण भक्तिमय हो गया और सभी ने सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर शुरू हुआ। क्लब की सदस्यों ने सुंदर लोकगीत गाए और गिद्धा प्रस्तुत किया। पारंपरिक गीतों और नृत्य ने पूरे माहौल को खुशियों से भर दिया। महिलाओं ने झूले झूले और एक-दूसरे को मेहंदी लगाकर तीज की रौनक बढ़ाई। त्योहार को और यादगार बनाने के लिए महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक गेम्स का आयोजन किया गया। कुर्सी रेस, म्यूजिकल चेयर, अंताक्षरी जैसे खेलों में सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और खूब इंजॉय किया । खेलों में विजेता रही महिलाओं को अध्यक्ष श्रीमती पूनम*द्वारा पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती पूनम ने कहा कि तीज का पर्व हमारी संस्कृति, एकता और बहनों के आपसी प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इनर व्हील क्लब हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाने और सामाजिक कार्यों में सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी को तीज पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया और एक-दूसरे को तीज की बधाई दी। पूरा दिन हंसी-खुशी और आपसी भाईचारे के साथ बीता।