शिमला, 23 अगस्त (rhnn) : संत निरंकारी मिशन की ओर से रविवार को शिमला में पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छता और हरित क्षेत्र के संवर्धन पर जोर दिया गया। ‘वननेस वन-प्रकृति के साथ समरसता’ अभियान के तहत कमला नेहरू अस्पताल के साथ लगते गोद लिए गए वन क्षेत्र में करीब 100 पौधे लगाए गए। इनमें हाइड्रेंजिया समेत विभिन्न प्रजातियों के फूलदार पौधे शामिल रहे। पौधारोपण के साथ पूरे क्षेत्र की साफ-सफाई कर उसे स्वच्छ और सुंदर बनाने का कार्य भी किया गया। सेवा कार्य में संत निरंकारी मिशन की शिमला और दुर्गापुर शाखाओं की साध संगत तथा सेवादल के भाई-बहनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिमला जोन के जोनल प्रभारी कैप्टन एनपीएस भुल्लर और शिमला के संयोजक हेमराज भारद्वाज ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। मिशन की ओर से बताया गया कि ‘वननेस वन’ अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन के जरिए हरित क्षेत्र विकसित करना है। देशभर में अभियान के छठे चरण के तहत रविवार को 630 स्थानों पर एक साथ पौधारोपण किया गया। इस दौरान करीब 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया। लगाए गए पौधों की तीन से पांच वर्षों तक नियमित देखभाल की जाएगी, ताकि वे विकसित होकर छोटे वन का रूप ले सकें। अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया जा रहा है।