शिमला, 23 अगस्त (rhnn) : राजधानी टैक्सी मैक्सी ऑपरेटर वेलफेयर सोसायटी जिला शिमला के सचिव संदीप कंवर ने कहा कि टैक्सी ट्रेड के नाम पर कुछ लोगों द्वारा किए जा रहे आंदोलन और प्रस्तावित अनशन से सोसायटी का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि दो लोगों द्वारा अनशन के नाम पर टैक्सी यूनियनों को आपस में लड़ाने तथा शिमला का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। संदीप कंवर ने कहा कि राजधानी टैक्सी मैक्सी ऑपरेटर वेलफेयर सोसायटी ने शिमला शहर की सभी पंजीकृत टैक्सी यूनियनों के साथ-साथ जिला की अन्य यूनियनों को 1 सितंबर को खलीनी स्थित कन्वेंशन कॉम्प्लेक्स में आयोजित चालक दिवस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए शहर की 35 और जिला की करीब 25 यूनियनों को पत्र के माध्यम से निमंत्रण भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि टैक्सी परमिट से जुड़ी मांग टैक्सी ऑपरेटरों की पुरानी मांग है, जिसे लेकर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के समक्ष भी मामला उठाया गया है। सरकार ने इस मांग पर जल्द समाधान का आश्वासन दिया है और टैक्सी ऑपरेटरों को सरकार के निर्णय का इंतजार करना चाहिए। संदीप कंवर ने आरोप लगाया कि कुछ लोग टैक्सी ट्रेड को बदनाम करने के लिए सरकार के मंत्रियों, विधायकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं तथा सामाजिक माध्यमों पर सरकार और प्रशासन के खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। इससे टैक्सी कारोबार से जुड़े लोगों की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि जिला शिमला की टैक्सी यूनियनों और प्रदेश के अन्य जिलों की टैक्सी यूनियनों का प्रस्तावित अनशन से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की कि टैक्सी यूनियनों के नाम पर माहौल खराब करने तथा आपसी टकराव पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। संदीप कंवर ने स्पष्ट किया कि सोसायटी टैक्सी ऑपरेटरों की जायज मांगों को उठाने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन टैक्सी यूनियनों को आपस में लड़ाने और ट्रेड को बदनाम करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।