शिमला, 25 अगस्त (rhnn) : नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। नेरवा थाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में पुलिस ने बैकवर्ड लिंकज की जांच करते हुए मुख्य सप्लायर महिला को उत्तराखंड के देहरादून से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनीषा राणा (35) पत्नी शिव सिंह, निवासी देहरादून, उत्तराखंड के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार छह अगस्त को नेरवा पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक वाहन की तलाशी ली थी। इस दौरान कोडीन आधारित संदिग्ध कफ सिरप की बिना लेबल वाली पांच सीलबंद प्लास्टिक बोतलें बरामद हुई थीं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच में आरोपियों के सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल के दौरान मनीषा राणा से संपर्क और ऑनलाइन भुगतान के सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे देहरादून से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में महिला की भूमिका मुख्य सप्लायर के तौर पर सामने आई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।