शिमला, 29 अगस्त (rhnn) : राष्ट्रीय खेल दिवस पर आरकेएमवी कॉलेज शिमला में छात्राओं की फिटनेस, खेल प्रतिभा और टीम भावना का शानदार संगम देखने को मिला। शारीरिक शिक्षा विभाग के 15 दिवसीय फिटनेस कैंप ‘फिट टू विन : खेल उत्कृष्टता की राह’ के समापन अवसर पर करीब 1300 छात्राएं विभिन्न खेल गतिविधियों में मैदान में उतरीं। बैटन रिले, क्रॉस कंट्री दौड़, रस्साकशी, कैरम, शतरंज, टेबल टेनिस और फन गेम्स में छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं के दौरान जहां स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, वहीं टीमवर्क, नेतृत्व और आपसी सहयोग की भावना भी उभरकर सामने आई। विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्राचार्या डॉ. अनुरिता सक्सेना ने कहा कि खेल केवल शारीरिक रूप से मजबूत नहीं बनाते, बल्कि चरित्र निर्माण और अनुशासन भी सिखाते हैं। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से खेलों और शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को भी श्रद्धांजलि दी गई। डॉ. जितेंद्र ठाकुर के समन्वय में आयोजित इस कार्यक्रम ने छात्राओं को फिटनेस के साथ उत्कृष्टता की राह पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।