शिमला, 30 अगस्त (rhnn) : पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश की शिमला शहरी इकाई ने प्रदेश के सभी पेंशनरों से एक सितंबर को अंबेडकर चौक, चौड़ा मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय धरने में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार से बुजुर्ग पेंशनरों की लंबित देनदारियों का जल्द भुगतान करने की मांग उठाई है। शिमला शहरी इकाई के प्रधान मदन लाल शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान दीप राम शर्मा, उपप्रधान मीरा ठाकुर, महासचिव सुभाष वर्मा सहित विजय ठाकुर, नंद लाल शर्मा और अनिल जसवाल ने कहा कि सरकार समय रहते पेंशनरों की लंबित मांगों का समाधान करे, अन्यथा उसे इसका खामियाजा भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रमुख मांगों में जनवरी 2016 से जनवरी 2022 तक सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के एरियर का भुगतान, संशोधित वेतनमान के तहत लंबित एरियर जारी करना, लंबे समय से लंबित चिकित्सा बिलों का तुरंत भुगतान, 15 प्रतिशत महंगाई राहत की बढ़ोतरी तथा महंगाई राहत के एरियर का भुगतान शामिल है। महासचिव सुभाष वर्मा ने कहा कि एक सितंबर को सुबह 11 बजे आयोजित धरने में प्रत्येक पेंशनर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि पेंशनरों को अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए एकजुट होकर अंबेडकर चौक पर आवाज बुलंद करनी होगी।