शिमला, 30 अगस्त (rhnn) : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में तेजी से फैल रही नशे की समस्या से निपटने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसे जनआंदोलन बनाना होगा। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग और प्रत्येक हिमाचली को नशे के खिलाफ लड़ाई में सहभागी बनना पड़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि यह कार्यक्रम देशभर में प्रेरणा का बड़ा माध्यम बन चुका है। इसके जरिए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली लोगों को पहचान और राष्ट्रीय मंच मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की युवा प्रतिभा विश्व स्तर पर पहचान बना रही है, लेकिन नशा देश के सामने गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य के दूरदराज क्षेत्रों तक भी नशे की पहुंच चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की नशे के खिलाफ प्रतिबद्धता स्पष्ट है, लेकिन इस लड़ाई को केवल सरकार के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। जयराम ने कहा कि जिस तरह देश नक्सलवाद जैसी बड़ी चुनौती से निपटने में सफल हो रहा है, उसी तरह सामूहिक प्रयासों से नशे को भी समाप्त किया जा सकता है। आने वाले समय में नशा बीते समय की बात होगा। उन्होंने लोगों से नशामुक्त हिमाचल के लिए एकजुट होने की अपील की।