शिमला, 07 सितंबर (rhnn) : शिक्षा को बढ़ावा देने और जरूरतमंद बच्चों के भविष्य को संवारने के उद्देश्य से रोटरी क्लब आरसीएस हिल क्वीन ने एक छात्रा की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की है। क्लब की ओर से ग्रामर स्कूल, कैथू की कक्षा सात की छात्रा कृतिका की फीस के लिए 13,800 रुपये का चेक प्रदान किया गया। स्कूल प्रबंधन की ओर से छात्रा की फीस के संबंध में मिले अनुरोध पत्र के बाद क्लब ने यह सहायता उपलब्ध करवाई। चेक शांति स्वरूप ट्रस्ट के नाम जारी किया गया, जिसके अंतर्गत ग्रामर स्कूल का संचालन किया जाता है। क्लब की ओर से यह चेक स्कूल कार्यालय में प्रधानाचार्य सुश्री भट्ट को सौंपा गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब की प्रतिनिधि रोटेरियन रिम्मी आहूजा और रोटेरियन हरप्रीत सेम्बी मौजूद रहीं। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए सहयोग देना समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक सार्थक प्रयास है। क्लब अध्यक्ष रोटेरियन हरप्रीत सेम्बी ने कहा कि क्लब भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता के लिए प्रयास करता रहेगा। उन्होंने कहा कि हर बच्चे में आगे बढ़ने और कुछ बेहतर करने की क्षमता होती है। सही समय पर मिला सहयोग उसके सपनों को उड़ान दे सकता है। रोटरी क्लब के इस प्रयास से छात्रा कृतिका की पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी। क्लब ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि हर बच्चा चमकने के लिए पैदा होता है और उसे आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।