शिमला, 02 अक्टूबर (rhnn) : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद सभी क्षेत्रों का समान और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की आय बढ़ाकर पैसा सीधे गांवों की अर्थव्यवस्था में पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। रामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उनकी सरकार बनने के समय दूध का खरीद मूल्य 32 रुपये प्रति लीटर था, जिसे अब बढ़ाकर लगभग दोगुना किया गया है। इससे किसानों और पशुपालकों की आय में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि बागवानों और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि मंडी मध्यस्थता योजना के तहत सेब के खरीद मूल्य में एक रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। अब सेब 12 रुपये के बजाय 13 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा जाएगा। इससे सेब बागवानों को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि टिक्कर-जरोल-गाहन सड़क के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस सड़क के बनने से क्षेत्र के सेब बागवानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। श्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में किशाऊ बांध परियोजना में हिमाचल प्रदेश के हितों की बड़ी जीत सुनिश्चित की है। परियोजना के निर्माण के बाद हिमाचल प्रदेश को प्रतिवर्ष लगभग 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये का लाभ होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सरकार के खजाने में पर्याप्त राजस्व आने से प्रदेश में बेहतर स्कूल, स्वास्थ्य संस्थान और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह रामपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत पाट गाँव में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने कहा कि गांवों के लोगों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं के आधार पर आवश्यक योजनाओं को बजट में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में किए गए विभिन्न उद्घाटनों और शिलान्यासों के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। इससे पहले मुख्यमंत्री का रामपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक नंदलाल, मिल्कफेड के चेयरमैन बुद्धि सिंह ठाकुर, हिमकोन के चेयरमैन विकेश चौहान, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, पूर्व विधायक किशोरीलाल, उपायुक्त अनुभव कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।