शिमला, 29 अक्टूबर (rhnn) : एचआरटीसी पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने लंबित वित्तीय लाभ जारी करने के लिए निगम प्रबंधन को 31 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर पेंशनर्स 3 नवंबर 2026 से निगम मुख्यालय का अनिश्चितकालीन घेराव करेंगे। समिति ने चेतावनी दी है कि लंबे समय से लंबित मांगों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए समिति की आपात बैठक पुराने बस अड्डा परिसर में हुई। इसमें पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार और निगम प्रबंधन की उदासीनता के कारण पेंशनर्स को अपने हक के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। समिति के सचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि पेंशनर्स अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं। उन्होंने सरकार और निगम प्रबंधन से 31 अक्टूबर तक वित्तीय लाभ जारी कर घेराव की नौबत टालने की मांग की।