प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ की गई ‘एंटी चिट्टा’ मुहिम में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि युवाओं को इस कुरीति से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस व्याप्त सामाजिक बुराई के उन्मूलन के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं और इस दिशा में पुलिस को कुछ सफलता भी प्राप्त हुई है। उन्होंने सभी हितधारकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें तथा नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस अथवा प्रशासन को दें।
एसएसपी ने बताया कि रोहड़ू क्षेत्र में पुलिस स्टाफ की कमी को शीघ्र दूर किया जाएगा, ताकि जांच कार्य प्रभावित न हो। इसके अतिरिक्त आवश्यकता अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी पुलिस कर्मियों एवं जांच अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के दौरान उपस्थित सभी हितधारकों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। एसएसपी शिमला ने आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर उन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा, क्षेत्रीय वन अधिकारी रोहड़ू एन. रविशंकर शर्मा, डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान सहित अन्य अधिकारीगण तथा समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।