RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

आईजीएमसी में ई-सुश्रुत प्रणाली लागू, अब पूरी तरह कागजरहित होंगी स्वास्थ्य सेवाएं

शिमला, 18 फरवरी 26 (RHNN) : आईजीएमसी में उन्नत ई-सुश्रुत अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली को लगभग सभी विभागों में सफलतापूर्वक लागू कर दिया गया है। इसके साथ ही आईजीएमसी हिमाचल प्रदेश का पहला ऐसा संस्थान बन गया है जहां इस स्तर पर पूर्ण रूप से इलेक्ट्रॉनिक स्वास्थ्य अभिलेख व्यवस्था प्रभावी की गई है।

नई व्यवस्था के तहत मरीज अब घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे तथा आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता संख्या से अपना विवरण जोड़ सकेंगे। इसके अतिरिक्त डिजिटल चिकित्सीय अभिलेख, ई-पर्ची तथा डिजिटल बिलिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे पंजीकरण और उपचार प्रक्रिया तेज, सुरक्षित और पारदर्शी बनेगी तथा कागजी कार्यवाही से राहत मिलेगी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस प्रणाली से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बेहतर हुआ है और कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित हुई है। मरीजों का पूरा चिकित्सीय रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा, जिससे भविष्य में उपचार में आसानी होगी।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव ने बताया कि यह पहल मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस डिजिटल परियोजना के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। अस्पताल प्रशासन ने प्रदेशवासियों को आधुनिक, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

Related posts