शिमला, 26 मार्च 26 (RHNN) : एसजेवीएन द्वारा रामपुर एचपीएस में आयोजित 25वें अंतर-सीपीएसयू कबड्डी टूर्नामेंट में बीबीएमबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में बीबीएमबी ने मेज़बान एसजेवीएन को पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टूर्नामेंट में एसजेवीएन की टीम प्रथम उप-विजेता रही, जबकि पीजीसीआईएल ने द्वितीय उप-विजेता का स्थान हासिल किया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता के समापन समारोह में एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता और उप-विजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में बीबीएमबी के आकाश को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। वहीं एसजेवीएन के विक्रम शर्मा को ‘सर्वश्रेष्ठ रेडर’ और बीबीएमबी के सुरेंदर सिंह को ‘सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर’ के खिताब से नवाजा गया। यह तीन दिवसीय टूर्नामेंट पावर स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें विद्युत मंत्रालय, सीईए, एनएचपीसी, आरईसी, टीएचडीसी समेत कई केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (सीपीएसयू) की टीमों ने भाग लिया।

