RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

कमला नेहरू अस्पताल, शिमला में ₹48 लाख की अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन का लोकार्पण

शिमला, 02 मई 26 (RHNN) : रोटरी क्लब शिमला द्वारा कमला नेहरू अस्पताल, शिमला में ₹48 लाख की लागत से स्थापित एक अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन का लोकार्पण किया गया। यह मशीन इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के CSR फंड के माध्यम से प्राप्त अनुदान से स्थापित की गई है। रोटरी क्लब शिमला द्वारा शीघ्र ही लगभग ₹5 लाख की लागत का एक कोल्पोस्कोप भी अस्पताल को प्रदान किया जाएगा, जो गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर के प्रारंभिक जांच में अत्यंत उपयोगी उपकरण है। इस अवसर पर शिमला शहरी के माननीय विधायक श्री हरीश जनारथा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के जीएम (CSR) श्री ए.के. रैना भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन रवि प्रकाश ने भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। चिकित्सा जगत से IGMC की प्राचार्या डॉ. सीता ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष (HODs) भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। रोटरी क्लब शिमला के सदस्य बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।

माननीय विधायक श्री हरीश जनारथा ने रोटरी क्लब शिमला के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के CSR सहयोग से इस प्रकार की उच्च स्तरीय डायग्नोस्टिक मशीनों की उपलब्धता से अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण सुधार होगा। रोटरी क्लब शिमला के अध्यक्ष रोटेरियन करण बंबा ने अपने संबोधन में कहा कि यह पहल मरीजों को बेहतर, सुलभ एवं समयबद्ध जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे विशेष रूप से महिलाओं और जरूरतमंद वर्ग को लाभ मिलेगा। अस्पताल प्रशासन ने रोटरी क्लब शिमला एवं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का इस महत्वपूर्ण योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। रोटरी क्लब शिमला समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर कार्य करता आ रहा है और भविष्य में भी जनहित में ऐसे प्रयास जारी रखेगा।

Related posts