RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

हिमाचल लेजेंड क्रिकेट लीग के दूसरे दिन चौकों-छक्कों की बरसात

शिमला, 10 मई 26 (RHNN) : राजधानी शिमला के ऐतिहासिक भराड़ी मैदान में रविवार को आयोजित हिमाचल लेजेंड क्रिकेट लीग के दूसरे दिन रोमांच और उत्साह से भरपूर दो मुकाबले खेले गए। खास बात यह रही कि इस लीग में 50 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी मैदान में उतरकर युवाओं जैसा जोश दिखाते नजर आए। टूर्नामेंट के मुख्यातिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद आनंद शर्मा रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और बल्लेबाजी कर मैच का शुभारंभ किया। पूर्व सांसद आनंद शर्मा ने कहा कि “जब हम जवान थे तब हम भी भराड़ी मैदान में खूब खेलते थे। खेल युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का सबसे बड़ा माध्यम है।” उन्होंने 50 प्लस टूर्नामेंट की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है। साथ ही टूर्नामेंट आयोजक नरवीर ठाकुर की प्रशंसा करते हुए उन्हें “रियल स्पोर्ट्समैन” बताया। संजय गारला की विस्फोटक बल्लेबाजी, लीजेंड लाइन की शानदार जीत दिन का पहला मुकाबला लीजेंड लाइन और लीजेंड ईगल के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लीजेंड लाइन ने 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से संजय गारला ने 60 रन, भागीरथ ने 55 रन और प्रणव नेगी ने 48 रन की शानदार पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लीजेंड ईगल की टीम 184 रन पर ऑलआउट हो गई। योगेश ने 65 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। शानदार बल्लेबाजी के लिए संजय गारला को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया।

दूसरा मुकाबला लीजेंड हरिकेन और लीजेंड स्नोडाउन के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हरिकेन की शुरुआत लड़खड़ा गई और दो विकेट जल्दी गिर गए, लेकिन इसके बाद नरवीर ठाकुर और मनीष मनु ने पारी को संभालते हुए शानदार साझेदारी की। मनीष मनु ने नाबाद शतकीय पारी खेलकर दर्शकों का दिल जीत लिया, जबकि नरवीर ठाकुर ने 62 रन का योगदान दिया। टीम ने निर्धारित ओवरों में 224 रन बनाए। जवाब में लीजेंड स्नोडाउन की टीम 140 रन पर ढेर हो गई। हरिकेन की ओर से अमरजीत और महेश्वर चौहान ने 3-3 विकेट झटके, जबकि सुदेश चौहान ने 2 विकेट हासिल किए। शानदार शतक के लिए मनीष मनु को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया।

Related posts