शिमला,02 जून 26 (RHNN) : राजधानी शिमला में जहां लोग पहले से ही लंबे ट्रैफिक जाम से परेशान हैं। वहीं, बालूगंज क्षेत्र में कांग्रेस विधायक रणजीत राणा की गाड़ी के कारण यातायात बाधित होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विधायक की गाड़ी सड़क पर खड़ी रहने से जाम की स्थिति पैदा हुई, जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने इसे सत्ता की हनक बताते हुए नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि आम जनता ट्रैफिक नियमों का पालन करे और जनप्रतिनिधियों के लिए अलग व्यवस्था हो, यह दोहरे मापदंड को दर्शाता है।
विवाद को उस समय और हवा मिली, जब विधायक की गाड़ी में सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रतिबंधित हूटर के इस्तेमाल का आरोप भी सामने आया। व्यस्त सड़क पर हूटर बजने से लोगों में नाराजगी देखी गई। घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, मामले को लेकर अभी तक विधायक की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

