शिमला, 30 जून (rhnn) : शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि युवाओं के जीवन में खेलों का अपना एक महत्वपूर्ण स्थान है। खेलों से जहाँ शारीरिक स्वास्थ्य दृढ़ होता है, वहीँ खेल स्वस्थ मनोरंजन का भी एक साधन है। इसके अतिरिक्त खेलों से एक प्रतियोगिता का भाव भी पैदा होता है जो युवाओं के भविष्य में उपयोगी सिद्ध होता है। रोहित ठाकुर ने आज 50वीं बुशहर क्रिकेट खेल कूद प्रतियोगिता शीलघाट (रोहड़ू) के समापन के अवसर पर बतौर मुख्यतिथि शिरकत करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय युवक मण्डल को इस आयोजन पर बधाई दी। साथ ही उन्होंने बताया कि हमारा प्रदेश एक पहाड़ी प्रदेश है और क्रिकेट जैसे खेल के लिए यहाँ पर समतल और बड़े मैदानो की कमी है। इसके बावजूद इस तरह की प्रतियोगिताएं करवाना एक प्रशंसनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि बुशहर क्रिकेट प्रतियोगिता शीलघाट तो अपने आप में एक ऐतिहासिक प्रतियोगिता है और इस वर्ष प्रतियोगिता अपने 50 वर्ष पुरे कर लिए है जो कि एक हर्ष और गौरव का विषय है। गौरतलब है कि बुशहर कप खेलकूद प्रतियोगिता एक ऐतिहासिक खेल प्रतियोगिता है। सन 1976 से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में हर वर्ष खेल कूद गतिविधियां आयोजित की जाती रही हैं। इस प्रतियोगिता में कब्बडी और वॉलीबाल की स्पर्धाएं भी होती रही हैं। इस वर्ष इस प्रतियोगिता में जिन टीमों ने हिस्सा लिया उनमे स्थानीय खिलाड़ियों के अतिरिक्त उत्तरी भारत के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी भी शामिल थे।
रोहित ठाकुर ने खेलों के विकास व संवर्धन पर बल देते हुए हुए बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं में नशे की प्रवृति को लेकर चिंतित है और इसके उन्मूलन को लेकर गंभीर प्रयास कर रही है। साथ ही प्रदेश में गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान करने की दिशा में प्रभावी कदम उठा रही है। इसके तहत जुब्बल के डकैड़ गाँव के समीप 17 करोड़ रुपए की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। यह संस्थान एक महत्वाकांक्षी परियोजना है जिसके सुखद परिणाम भविष्य में दृष्टिगोचर होंगे। साथ ही यह भी प्रयास किया जाएगा कि इसका कार्य निश्चित समयावधि में ही पूरा हो जाए। उन्होंने कहा कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय का स्वीकृत होना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है और इस वर्ष के शैक्षणिक सत्र के लिए सभी औपचारिकताओं को पूरा करके बच्चों की पढ़ाई भी आरम्भ की जा चुकी है।
इसी सन्दर्भ में शीघ्र ही शिक्षकों के पदों को भी भरा जाना है जिसकी प्रक्रिया आरम्भ हो चुकी है। इस शिक्षा संस्थान के निर्माण हेतु 30 करोड़ रुपए स्वीकृत किये जा चुके है। शिक्षा मंत्री ने बागवानी के विषय पर चर्चा करते हुए बताया कि सेब हमारी आर्थिकी की रीढ़ है और इसके भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से बहुत जल्दी सेब बहुल राज्यों जैसे जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड के जनप्रतिनिधि केंद्र सरकार से चर्चा करेंगे और सेब-बागवानो के हितों को सुरक्षित किया जायेगा। इस अवसर पर शिक्षा रोहित ठाकुर द्वारा स्थानीय युवक मण्डल को 75 हजार रुपए देने की घोषणा भी की गई। इस अवसर पर रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्री मोहन लाल बरागटा जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि रोहडू और जुब्बल क्षेत्रों में परस्परिक मधुर और पारिवारिक सम्बन्ध है और कांग्रेस का गढ़ होने के नाते वह और शिक्षा मंत्री मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन शीलघाट की दूसरी मंज़िल के कार्य को अगले वर्ष तक पूरा कर लिया जाएगा जिससे क्षेत्र के लोगों को सुविधा होगी। 50वीं बुशहर क्रिकेट खेल कूद प्रतियोगिता शीलघाट में फागु टीम विजेता रही और ननखड़ी टीम उपविजेता रही जिन्हे मुख्यातिथि ने क्रमशः 3 लाख और 1.50 लाख रुपए नकद इनाम देकर सम्मानित किया।
इसके अतिरिक्त शिक्षा मंत्री ने 50 वर्ष से लगातार इस खेलकूद प्रतियोगिता में खेल रहे लोगों को विशेष तौर पर सम्मानित किया। उन्होंने युवक मण्डल शील के सभी आयोजकों को इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर बधाई दी। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र रेटका, बढ़ाल वार्ड से जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी मांजटा, सरस्वती नगर सावड़ा वार्ड से जिला परिषद सदस्य नेहा मेहता, पंचायत समिति रोहड़ू की अध्यक्ष ज्ञानपति देवी, उपाध्यक्ष पंचायत समिति लोकपाल शरखोली, ग्राम पंचायत शील के प्रधान निरंजन चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा, स्थानीय पंचायतों के प्रधान एवं पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधि, एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा, डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान, डीएफओ रोहड़ू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

