RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर आईजीएमसी में अस्पताल प्रशासन पर सीएमई का आयोजन

शिमला, 01 जुलाई (rhnn) : इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी), शिमला के अस्पताल प्रशासन विभाग द्वारा आज “Emerging Trends in Hospital Operations and Roadmap for IGMC” विषय पर एक दिवसीय सतत चिकित्सा शिक्षा (CME) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पताल प्रशासन से जुड़े चिकित्सकों एवं अधिकारियों को आधुनिक अस्पताल प्रबंधन, नवीन चुनौतियों तथा भविष्य की कार्ययोजना से अवगत कराना था। कार्यक्रम में डॉ. राहुल राव, चिकित्सा अधीक्षक एवं विभागाध्यक्ष, अस्पताल प्रशासन, ने अस्पताल प्रशासन की दैनिक कार्यप्रणाली, सेवा गुणवत्ता में सुधार तथा संस्थान के भावी रोडमैप पर अपने विचार साझा किए।

डॉ. अभिषेक ठाकुर, सहायक आचार्य, अस्पताल प्रशासन विभाग, ने “Recent Trends in Hospital Administration and Emerging Challenges” विषय पर व्याख्यान देते हुए अस्पताल प्रबंधन में तकनीकी नवाचार, गुणवत्ता आश्वासन, रोगी सुरक्षा तथा बदलती स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकताओं पर प्रकाश डाला। डॉ. प्रवीण एस. भाटिया, उप चिकित्सा अधीक्षक, ने सीएमओ (CMO) द्वारा दैनिक कार्य के दौरान आने वाले मेडिको-लीगल मुद्दों पर विस्तृत जानकारी दी तथा ऐसे मामलों के प्रभावी एवं विधिसम्मत प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। डॉ. अमित सचदेवा, सामुदायिक चिकित्सा विभाग, ने “आज की जीवनशैली में पोषण संबंधी व्यवहार” विषय पर व्याख्यान देते हुए संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली तथा रोगों की रोकथाम में पोषण की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब द्वारा सर्वाइकल कैंसर जागरूकता पर एक प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति भी दी गई, जिसमें समय पर जांच, एचपीवी टीकाकरण तथा शीघ्र पहचान के महत्व का संदेश दिया गया। आज राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (Doctors’ Day) के अवसर पर आयोजित इस सीएमई में चिकित्सकों को उनके समर्पण, सेवा भावना एवं स्वास्थ्य सेवाओं में अमूल्य योगदान के लिए सम्मानपूर्वक शुभकामनाएँ दी गईं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने इसे ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए अस्पताल प्रशासन और रोगी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में ऐसे कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया।

Related posts