शिमला, 23 जुलाई (rhnn) : जिला पुलिस शिमला ने नशा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज रणनीति के तहत दो अलग-अलग मामलों में जांच को आगे बढ़ाते हुए पंजाब पहुंचकर चिट्टा (हेरोइन) के मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में स्पेशल सेल शिमला ने 15 जुलाई 2026 को एक होटल में छापेमारी कर लुधियाना के तीन युवकों को लगभग 21 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया। डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक ट्रांजैक्शन और मोबाइल ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया और लुधियाना निवासी साहिल शर्मा को मुख्य सप्लायर के रूप में गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे मामले में 20 जुलाई 2026 को पुलिस थाना चिड़गांव ने अमृतसर निवासी एक आरोपी के कब्जे से 16 ग्राम हेरोइन बरामद की। पूछताछ, CDR और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अमृतसर पहुंची और मुख्य सप्लायर सुखदीप सिंह उर्फ जैस गिल को गिरफ्तार कर लिया। जिला पुलिस शिमला के अनुसार वर्ष 2026 में नशा तस्करी के खिलाफ बैकवर्ड लिंकेज अभियान के तहत अब तक 59 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किए जा चुके हैं और 75 अंतर्राज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क ध्वस्त किए गए हैं। यह आंकड़ा पिछले तीन वर्षों में सबसे अधिक है और दर्शाता है कि पुलिस अब केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क और उसके सरगनाओं तक पहुंचकर कार्रवाई कर रही है।

