RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

‘नशे से दूर रहेगा युवा तो विकसित होगा भारत’, कोटशेरा कॉलेज में 230 विद्यार्थियों ने लिया संकल्प

शिमला, 29 जुलाई (rhnn) : विकसित भारत के संकल्प को युवा शक्ति से जोड़ते हुए राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय (कोटशेरा), चौड़ा मैदान में बुधवार को “विकसित भारत युवा कनेक्ट प्रोग्राम–नशा मुक्त युवा भारत अभियान” के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना, माई भारत और एनएसएस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के 230 एनएसएस स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एनएसएस स्टेट नोडल ऑफिसर प्रो. सरोज भारद्वाज ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है।

यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, सेवा और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएंगे तो विकसित भारत का लक्ष्य तेजी से हासिल होगा। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रो. अमरजीत सिंह और यूथ आइकन विराज सूद ने युवाओं को नशे के सामाजिक, मानसिक और शारीरिक दुष्परिणामों से अवगत कराया। विराज सूद ने युवाओं को ‘पांच प्रण’ और ’11 संकल्प’ के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी 230 प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने की शपथ ली। आयोजन के माध्यम से युवाओं में जिम्मेदार नागरिक बनने और नशामुक्त समाज के निर्माण की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Related posts