शिमला, 01 अगस्त (rhnn) : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग में नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए 30 जुलाई से 5 अगस्त तक आयोजित छह दिवसीय अभिमुखीकरण (प्रस्तावना) कार्यक्रम का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विभागाध्यक्ष डॉ. दीपाली धौल ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें विभाग की शैक्षणिक परंपराओं, अनुशासन, नियमित कक्षाओं में उपस्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।\
उन्होंने रैगिंग-रोधी नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. दीप लता ने विद्यार्थियों को विभाग की कार्यप्रणाली, विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था और छह दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया। इस अवसर पर डॉ. लता देवी, डॉ. सरोज, शोधार्थी तथा प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और शांति पाठ के साथ हुआ।

