RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

नशा तस्करी पर शिमला पुलिस का प्रहार, 6 करोड़ की हेरोइन जब्त

शिमला, 04 अगस्त (rhnn) : शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 करोड़ रुपये मूल्य की 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हेरोइन बरामद कर एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह वर्ष 2026 में हिमाचल प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल ने 3 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर जिला सीमा शोघी के पास नाकाबंदी कर हरियाणा के अंबाला जिले के नारायणगढ़ निवासी 22 वर्षीय विजय कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 120 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह यह खेप शिमला में सप्लाई करने के लिए लाया था और तारा देवी क्षेत्र में अपने संपर्कों तक पहुंचाने की तैयारी में था। इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस थाना पश्चिम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।

शिमला पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में रणनीति बदलकर छोटे मामलों के बजाय बड़े सप्लायरों, बैकवर्ड लिंकेज, तकनीकी व वित्तीय जांच तथा अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त करने पर फोकस किया गया है। इसी अभियान के तहत इस वर्ष अब तक 4 किलोग्राम से अधिक हेरोइन सहित बड़ी मात्रा में अफीम, चरस, एलएसडी और अन्य मादक पदार्थ बरामद किए जा चुके हैं।

Related posts