शिमला, 05 अगस्त (rhnn) : आईजीएमसी स्थित कैंसर अस्पताल में अब मरीजों और उनके तीमारदारों को धूप व बारिश से राहत मिलेगी। सामाजिक सेवा के तहत इनर व्हील क्लब शिमला ने अस्पताल परिसर में दो हैवी-ड्यूटी आउटडोर गार्डन अंब्रेला स्थापित किए हैं। इनका उद्देश्य अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्य कर्मियों को प्रतीक्षा के दौरान सुरक्षित और आरामदायक स्थान उपलब्ध कराना है।
इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष डॉ. कुशा पंडित चावला ने कहा कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीज और उनके परिजन कई बार लंबे समय तक बाहर इंतजार करने को मजबूर होते हैं। ऐसे में यह छोटी-सी पहल उन्हें धूप और बारिश से राहत देने के साथ-साथ कुछ सुविधा और सुकून भी प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि क्लब आगे भी समाजहित से जुड़े ऐसे सेवा कार्य करता रहेगा। यह पहल कैंसर अस्पताल के विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष गुप्ता के मार्गदर्शन में साकार हुई। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष डॉ. कुशा पंडित चावला और सदस्य रवीना जिंदानी मौजूद रहीं।

