RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

शिमला में पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम तेज, पांच क्षेत्रों का मंत्री ने किया निरीक्षण

शिमला, 11 अगस्त (rhnn) : राजधानी में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति की योजना को जमीन पर उतारने के लिए पाइपलाइन नेटवर्क को मजबूत करने का काम तेज हो गया है। मंगलवार को शहरी विकास एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने एसजेपीएनएल की 24×7 पेयजल परियोजना के पैकेज-10 के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कच्ची घाटी, बालूगंज, एडवांस स्टडीज, समरहिल और तारादेवी क्षेत्रों में पहुंचकर कार्यों की प्रगति देखी।

मंत्री ने अधिकारियों और परियोजना से जुड़ी एजेंसियों के प्रतिनिधियों से पाइपलाइन बिछाने, नए जल भंडारण टैंकों के निर्माण और सड़क पुनर्स्थापन की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि काम की गुणवत्ता के साथ प्रभावित सड़कों और अन्य सतहों की बहाली भी समय पर सुनिश्चित की जाए। विश्व बैंक से वित्त पोषित इस परियोजना के तहत शहर की पुरानी पाइपलाइनों को आधुनिक और प्रेशरयुक्त नेटवर्क से बदला जा रहा है। नए जल भंडारण टैंक भी बनाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य शिमला में सुरक्षित, विश्वसनीय और लगातार पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था तैयार करना है। पैकेज-10 के तहत पांच क्षेत्रों में हो रहे कार्यों को शहर की भविष्य की जल जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान एसजेपीएनएल, सुएज और टाटा की टीमें मौजूद रहीं।

Related posts