RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

पुस्तकों से जुड़कर ही ज्ञान की गहराई तक पहुंच सकते हैं विद्यार्थी

शिमला, 12 अगस्त (rhnn) : राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान में बुधवार को राष्ट्रीय लाइब्रेरियन दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुस्तकालय विज्ञान के जनक डॉ. एस.आर. रंगनाथन की जयंती के उपलक्ष्य में किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्राचार्य ने पुस्तकालयाध्यक्ष और पुस्तकालय समिति के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि पुस्तकालय ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि पुस्तकालयों का इतिहास प्राचीन काल से जुड़ा है। भारत में तक्षशिला और नालंदा जैसे विश्वविद्यालयों में विशाल पुस्तक संग्रह इसका प्रमाण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में डिजिटल लाइब्रेरी विषय पर भाषण प्रतियोगिता और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। भाषण में मुकेश प्रथम, आदित्य शर्मा द्वितीय और रुपेश तृतीय रहे। पोस्टर मेकिंग में अंजली वर्मा प्रथम, प्रयांशु द्वितीय और ममता तृतीय स्थान पर रहे। अमृतांश, रुपेश और मुकेश को उत्कृष्ट पाठक सम्मान दिया गया। विद्यार्थियों ने पुस्तकालय पर लघु नाटक प्रस्तुत किया। इस दौरान दुर्लभ पुस्तकों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, पुस्तकालय समिति के सदस्य और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related posts