RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

राज्यपाल ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की

शिमला, 16 अगस्त (rhnn) : राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज लोक भवन, शिमला में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का देश के इतिहास में एक विशिष्ट और अमिट स्थान है। वे दूरदर्शी राजनेता और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले महान व्यक्तित्व थे। उनके योगदान से भावी पीढ़ियां निरंतर प्रेरणा लेती रहंेगी। उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी सादगी, ओजस्वी वाणी और अद्वितीय राजनीतिक सूझबूझ के कारण सभी राजनीतिक दलों में सम्मानित और देशभर में अत्यंत लोकप्रिय थे। राज्यपाल ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और सहमति की राजनीति के प्रति वाजपेयी जी की अटूट प्रतिबद्धता सार्वजनिक जीवन के लिए एक स्थायी आदर्श है। राष्ट्र के विकास, सामाजिक कल्याण तथा देश की एकता एवं अखंडता के प्रति उनका समर्पण अनुकरणीय रहा। राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की उनकी विशिष्ट क्षमता ने उन्हें सम्मान दिलाया।

राज्यपाल ने कहा कि वाजपेयी जी का दृढ़ विश्वास था कि भारत की प्रगति लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन और समाज के प्रत्येक वर्ग के सशक्तिकरण पर आधारित होनी चाहिए। एक मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित भारत को लेकर उनकी दूरदर्शी सोच आज भी देश की ‘विकसित भारत’ की निरंतर यात्रा में अत्यंत प्रासंगिक है। राज्यपाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का हिमाचल प्रदेश के प्रति विशेष लगाव था। मनाली और प्रीणी के साथ उनके आत्मीय एवं चिरस्थायी संबंध प्रदेश की सामूहिक स्मृतियों का अभिन्न हिस्सा हैं। राज्यपाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने सत्ता में बने रहने और सरकार को बचाए रखने के लिए कभी भी ईमानदारी और सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उनको सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके द्वारा स्थापित शुचिता, नैतिकता और मूल्य-आधारित राजनीति के मार्ग का अनुसरण करें।

Related posts