शिमला, 17 अगस्त (rhnn) : शिमला पुलिस परिवार ने अपने दो दिवंगत साथियों की स्मृति में सोमवार को पुलिस लाइंस कैथू में शोक सभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान माहौल गमगीन रहा और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वर्गीय प्रवीण (एचएचसी नंबर 1591) और स्वर्गीय हेमंत (कांस्टेबल नंबर 1086) को याद करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोक सभा में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि विभाग के अपने साथियों को खोने का दुख पूरे पुलिस परिवार का साझा दुख है। उन्होंने दिवंगत कर्मियों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में पुलिस विभाग उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
इस अवसर पर दिवंगत पुलिस कर्मियों के सेवाकाल और उनके योगदान को भी स्मरण किया गया। उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। शोक सभा के दौरान पुलिस कर्मियों ने दिवंगत साथियों की स्मृति में मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस परिवार ने कहा कि अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए विभाग से जुड़े हर कर्मचारी का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा और उनके परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

